Tuesday, October 1, 2019

लघुकथा - चिन्ता

~~~~~~~~~~
सुबह के समय बेड पर सोया इक्कीस वर्षीय विश्वास उठकर कमरे से बाहर निकल; किचन की ओर आने लगा। किचन में सैंतालिस वर्षीय कोमल गैस चूल्हे पर परांठे बना रही है। विश्वास ने किचन में आकर कप लिया और चाय के पतीले से कप में चाय डालने लगा।

कोमल ने सर हिलाते हुए मुस्कुराकर कहा, "मुँह तो धो, सुगले। इतना बड़ा हो गया लेकिन अभी तक अक्ल नहीं आयी।"

विश्वास ने लापरवाही से कहा, "क्या फर्क पड़ता है? रहना तो घर में ही है।"

"उफ्फ! पता नहीं क्या होगा इस लड़के का?" कहते हुए कोमल ने मुँह बनाया।



विश्वास ने चाय का घूँट पीते हुए कहा, "क्या होगा? तुम कुछ करने कहाँ देती हो?"

"क्या नहीं करने देती मैं? क्या करने से रोका मैंने?" कोमल चिढ़कर बोली।

विश्वास ने उखड़कर कहा, "अब रहने दो। सुबह-सुबह दिमाग मत ख़राब करो मेरा।"

इस बार कोमल ने मुस्कुराकर कहा, "अरे, बताओ तो? मन की बात मन में नहीं रखनी चाहिए।"



विश्वास ने बिफरते हुए चाय का प्याला रखकर कहा, "तुम मन का कुछ करने भी देती हो? दस मिनट के लिए घर से बाहर जाओ, तो तुम्हें बताकर जाओ। पाँच मिनट देर हो जाए तो फोन पर फोन, फोन पर फोन। आख़िर में तंग आकर मोबाइल स्विच ऑफ करना पड़ता है।"

कोमल बेलन छोड़कर गैस बन्द करके बोली, "ओहो! तो कौनसा गुनाह करती हूँ? बस यही तो पूछती हूँ, कहाँ जा रहे हो? किसके साथ जा रहे हो? कब आओगे? और देर होने पर सबको चिन्ता होती है। माँ हूँ तुम्हारी। चिन्ता तो होगी ही।"



विश्वास क्रोधित होकर कोमल पर झल्लाते हुए चिल्ला-चिल्लाकर बोला- "क्यों करती हो मेरी चिन्ता? मैं मर थोड़े ही रहा हूँ। तुम्हारी इस चिन्ता के कारण मेरा दम घुटता है। सब मज़ाक उड़ाते हैं मेरा। मुझे मेरे हिसाब से जीने क्यों नहीं देती? जब देखो, मैं माँ हूँ, माँ की चिन्ता, माँ की ममता, माँ का प्यार। मैं अपना ध्यान ख़ुद रख सकता हूँ। मुझे अब तुम्हारी ज़रूरत नहीं है। मुझे मेरी ज़िन्दगी मेरे हिसाब से जीने दो।"



कोमल का मुँह उतर गया और आँखों में नमी आ गई। कोमल ने गैस चूल्हे की ओर मुड़कर गैस चालू करके रोटी बेलते हुए कहा- "आई एम सॉरी। अब कुछ नहीं पूछूँगी। कभी फोन भी नहीं करूँगी। तुम्हें जहाँ जाना है, चले जाना।"

विश्वास मुँह फेरकर कोमल की बातें अनसुनी करके अपने कमरे में चला गया।

कोमल दुःखी मन से खाना बनाने के बाद नहाकर, तैयार होकर विश्वास के कमरे में आकर बोली, "तुम्हारे लिए नाश्ता और दोपहर का खाना बना दिया है। टाइम से खा लेना। मैं जॉब पर जा रही हूँ।"

विश्वास अभी तक क्रोध में होने के कारण चुपचाप बैठा रहा। कोमल बाहर आकर अपना पर्स उठाकर चली गयी।



शाम के छः बज गए।

विश्वास ने दीवार घड़ी में टाइम देखकर मन में सोचा कि आज मम्मी कहाँ रह गयी? रोज़ तो पाँच-साढ़े पाँच बजे तक आ जाती है। विश्वास को अपनी ग़लती पर अफ़सोस होने लगा लेकिन अब भी इसके लिए क़सूरवार कोमल को ही मान रहा था। उसने साढ़े छः बजे तक इंतज़ार करके कोमल के मोबाइल पर कॉल किया, लेकिन कोमल का मोबाइल स्विच ऑफ पाकर अचानक उसके मन में घबराहट होने लगी।



विश्वास के मन में ख़याल आने लगे कि "मम्मी आज बहुत अपसेट होकर गई थी। कहीं परेशान होने के कारण मम्मी को कुछ हो न गया हो?"

विश्वास की घबराहट धीरे-धीरे और बढ़ने लगी। उसने तुरंत कोमल के ऑफ़िस में कॉल करके कोमल के बारे में पूछा, लेकिन ऑफ़िस से पता चला कि कोमल तो आज लंच टाइम में ही चली गई थी। विश्वास और भी ज़्यादा परेशान हो गया। उसने कोमल की सहेलियों और मिलने-जुलने वालों को कॉल करके कोमल के बारे में पूछा, लेकिन सबने कहा कि कोमल उनके पास तो नहीं आयी।

अँधेरा होने पर विश्वास ख़ुद जहाँ-जहाँ कोमल के मिलने की संभावना थी, वहाँ-वहाँ कोमल को ढूँढ़ने गया लेकिन कोमल के नहीं मिलने पर निराश होकर दुखी मन से घर वापस आकर बैठ गया।



रात के दस बजे घर के बाहर एक ऑटो आकर रुका।

विश्वास दौड़कर दरवाज़े के पास आया। कोमल ऑटो वाले को पैसे देकर मुस्कुराती हुई अन्दर आयी।

विश्वास ने आश्चर्य से पूछा- "कहाँ रह गयी थीं? तुम्हारा मोबाइल भी बन्द है।"

कोमल ने लापरवाही से कहा- "अरे, कहीं नहीं। एक पुरानी सहेली मिल गयी थी तो उसके साथ घूमने चली गयी।"

विश्वास ने आश्चर्यचकित होकर कहा- "लेकिन कम से कम बताना तो चाहिए। कहाँ हो? किसके साथ हो? कब आओगी? और मोबाइल को क्या हुआ?"



"क्यों? मैं कोई छोटी बच्ची हूँ? जो हर बात तुम्हें बताऊँ? पुरानी सहेली से बहुत टाइम बाद मिली। ढेरों बातें हुई। कोई बार-बार कॉल करके डिस्टर्ब न करे इसलिए मोबाइल स्विच ऑफ कर दिया।" कोमल ने सहज भाव से उत्तर दिया।

विश्वास क्रोधित होकर बोला, "ये भी सही है। मैं यहाँ परेशान होकर कभी किसी को कॉल कर रहा हूँ, कभी किसी को कॉल कर रहा हूँ। पागलों की तरह तुम्हें ढूँढ़ता फिर रहा हूँ और तुम कह रही हो, मैं कोई छोटी बच्ची हूँ?"



कोमल ने मुस्कुराकर कहा, "मैं भी तो तुम्हारे मोबाइल बन्द करने पर ऐसे ही परेशान होती हूँ। तुम तो मुझसे दूर जाना चाहते हो न? फिर मेरा ख़याल कौन रखेगा? तुम्हारे सिवा कोई है मेरा ख़याल रखने वाला?"

विश्वास ने शर्मिन्दा होकर सर झुकाकर कहा,  "आई एम सॉरी, मम्मी। मैं तुम्हें छोड़कर कहीं नहीं जाऊँगा। प्लीज़! फिर कभी ऐसा मत करना।"

विश्वास की आँखों से आँसू छलकते देखकर कोमल की आँखों से भी अश्रुधारा बहने लगी और उसने अपने आँसू पोंछते हुए विश्वास को गले लगा लिया।

~~~~~~~~~~

समाप्त
□□□□
[लेखक - वर्मन गढ़वाल]

 

Thursday, May 9, 2019

बदलाव

हमारे समय के स्कूल टीचर अपने स्टूडेंट्स को कहीं भी आवारागर्दी करते हुए देख लेते थे, तो पास जाकर बोलते थे, "तू स्कूल आ, फिर बताता हूँ तुझे।"

आजकल के स्कूल टीचर अपने स्टूडेंट्स को स्कूल में आवारागर्दी करने के कारण कुछ बोल दें, तो स्टूडेंट्स कहते हैं, "तू बाहर आ, फिर बताता हूँ तुझे।"
.............................#Varman_Garhwal
09-05-2019, #वर्मन_गढ़वाल
Last Time - 1574

Friday, May 3, 2019

Last Time

कभी-कभी लगता है,
दुनिया में कोई नहीं है,

तेज धूप से धरती जल रही है,
आकाश तक आग की लपटें उठ रही है,

दूर विरानों में तड़पती, जिन्दगी करती सवाल,
इतनी बड़ी दुनिया में, क्या ख़त्म हो गया है प्यार,


हर ओर सन्नाटा पसरा है,
कहीं कोई आवाज़ नहीं है,

जिन्दगी अपना अस्तित्व खो रही है,
हवा जहरीली बनकर मौत बांट रही है,

प्यार की राह पे चलती, जिन्दगी हुई लाचार,
हर किसी के दिल में, क्यों बनी नफ़रत की दीवार,


सब कुछ उजड़ा पड़ा है,
आबादी की कोई आस नहीं है,

पृथ्वी धीरे-धीरे फूल रही है,
फटकर मिटने के लिए आतुर हो रही है,

नफ़रत के साये में मरती, जिन्दगी रहती बेजान,
इतने सारे इन्सानों से, कहाँ हुई इन्सानियत फ़रार,
.............................#Varman_Garhwal
30-04-2019, #वर्मन_गढ़वाल
Last Time - 1565

Sunday, November 11, 2018

एक लड़की का सबसे अच्छा दोस्त

लड़की — "अब पहले से पता थोड़े ही चलता हैं, कौन कैसा है ? किसके दिल में क्या है ?"

लड़का — 'क्यों ? पता क्यों नहीं चलता ? मुझे कैसे पता चल गया ? मैंने तो बिना बात किये सिर्फ फेसबुक आईडी और कॉमेन्ट देखकर बता दिया।"

लड़की — "अरे, तुम तो सब पर शक करते हो। तुम सबकी एक – एक बात पर दिमाग चलाते हो, इसलिए तुम्हें पता चल जाता है।"

लड़का — "हाँ तो तुम क्यों किसी भी राह चलते पर विश्वास करती हो ? तुम इन्सान को पहचानने की कोशिश क्यों नहीं करती ?"

लड़की — "तुम पर भी तो विश्वास किया ना मैंने। क्या मैंने कभी तुमसे कोई सवाल किया ? लेकिन मेरी किस्मत अच्छी है, जो तुम उन लोगों जैसे नहीं हो।"

लड़का — "अरे, तो क्यों करती हो ऐसे बिना सोचे - समझे विश्वास ? वही तो बोल रहा हूँ, तुम्हें मेरी कोई बात गलत लगे या तुम्हें कोई शक हो या कोई सवाल हो तो बोला करो। मैं तुम्हारी सारी बातों का जवाब दूँगा। तुम्हारे सारे शक दूर करूँगा। अगर मैं ऐसा नहीं करता हूँ, तो समझ जाओ कि मेरे मन में पाप है। जिसका मन साफ़ होता है, वो कभी किसी के सवाल – जवाब करने का बुरा नहीं मानता। बल्कि सवालों के जवाब देकर सारे शक दूर करता है, ताकि कोई गलतफ़हमी ना हो।"

लड़की — "हा ! हा ! हा ! तुम भी ना।"

लड़का — "कमाल है। हँस क्यों रही हो ? मैंने कोई जोक सुनाया है क्या ?"

लड़की — "अरे बुद्धू ! तुमसे क्या सवाल करूँ ? मेरे कुछ पूछे बिना तुम खुद ही सब बता देते हो। इसलिए तुम पर शक या तुमसे कोई सवाल करने की ज़रूरत ही नहीं पड़ती। वरना हर लड़का बस बॉयफ्रैंड बनकर लड़की को गर्लफ्रैंड बनाने के लिए ही लड़की से दोस्ती करता है। लेकिन तुमने कभी ऐसी कोई कोशिश नहीं की।"

लड़का — "ओह ! लेकिन मेरी बात को समझो। मैं तुम्हें सब कुछ इसलिए बता देता हूँ, क्योंकि तुम मुझे अपना सबसे अच्छा दोस्त बोलती हो और मैं अपनी सबसे अच्छी दोस्त को किसी गलतफ़हमी के कारण खोना नहीं चाहता।"

लड़की — "और कभी खोओगे भी नहीं। क्योंकि मुझे पता है तुम ऐसा कुछ होने ही नहीं दोगे, जिससे हमारे बीच में दूरियाँ आए।"

लड़का — "ये बात मैं समझता हूँ। ये बात तुम समझती हो। लेकिन ये गलत और गन्दे लोग जो प्यार और दोस्ती के नाम पर दिल बहलाते हैं, वो नहीं समझते। और कोई तुम्हारे बारे में गलत और गन्दी सोच रखता हो, ऐसे लोगों से तुम दोस्ती कर लेती हो तो मुझे अच्छा नहीं लगता।"

लड़की — "मैंने बताया ना तुम्हें, पहले – पहले सब अच्छी –अच्छी बातें करते हैं। बाद में अपना असली रंग दिखाते हैं।"

लड़का — "तो तुम सोच – समझ कर किसी से बात किया करो ना। इनके कॉमेन्ट, इनकी बातों से तुम्हें कुछ समझ नहीं आता। उन लोगों ने कुछ चिकनी – चुपड़ी बड़ी – बड़ी बातें की। तुम्हारी तारीफ की। कुछ फैमिली की बातें कर ली। हँसी – मजाक करने लगे। बस तुम्हें लगा वो बहुत अच्छे हैं और मैडम ने मोबाइल नम्बर भी दे दिया। हमें कभी भी किसी के ऊपर विश्वास नहीं करना चाहिए।"

लड़की — "लेकिन अब तो मैंने उनसे बात करना भी बन्द कर दिया। फेसबुक, वॉटसअप सब जगह से ब्लॉक।"

लड़का — "लेकिन इतना बखेड़ा तो हो ही गया। हमारा झगड़ा हुआ। और वो सब कितनी गन्दी बातें बोल रहे थे। और अब सबको तुम्हारे बेवकूफ बनने के किस्से सुनायेंगे।"

लड़की — "तो क्या हुआ ? गलत लोग गलत बातें ही बोलेंगे ना। अब उनके बोलने से मैं खराब हो जाऊँगी क्या ?"

लड़का — "उफ्फ ! अरे बेइज़्ज़ती तो हो ही गई ना। और अगर मैं उनके बारे में तुमसे नहीं पूछता तो तुम तो कुछ बताने वाली भी नहीं थी। बस उनका टाइम - पास बनकर उनका दिल बहलाती रहती।"

लड़की — "आई एम सॉरी ! प्लीज़ मुझे माफ कर दो। अब आगे से ऐसे किसी से बात नहीं करूँगी।"

लड़का — "ओहो, मुझे सॉरी बोलने की ज़रूरत नहीं है। लेकिन तुम अपना ख्याल रखा करो और सोच – समझ कर किसी से बात किया करो।"

लड़की — "अब मैं क्या करूँ ? मुझे अपना ख्याल रखने और सोचने की जरूरत ही नहीं है।"

लड़का — "अच्छा, ऐसा क्यों ?"

लड़की — "तुम हो ना मेरा ख्याल रखने और सोचने के लिए। हा ! हा ! हा !

लड़का — "हँसों मत। मैं क्या हमेशा तुम्हारे साथ रहता हूँ ?"

लड़की — "तो रह जाओ, तुम्हें कौन मना कर रहा है ?"

लड़का — "तुम मेरी बात मत सुना करो, मेरी बात मत समझा करो। बस घूम – फिर कर यहीं आ जाया करो।"

लड़की — "लो , मैं तो तुम्हारे फायदे की बात कर रही थी।"

लड़का — "इसमें मेरा क्या फायदा ?"

लड़की — "अरे, तुम हमेशा साथ रहोगे, तो मेरे बारे में इतना सोचना नहीं पड़ेगा ना।"

लड़का —"कभी - कभी लगता है, तुम बेवकूफ नहीं हो।"

लड़की — "कभी – कभी क्यों ?"

लड़का — "क्योंकि तुम बड़ी वाली बेवकूफ हो ना इसलिए।"

लड़की-" फिर भी तुम बेवकूफ के साथ अपना दिमाग खराब करते हो। तो तुम तो मुझसे भी बड़े बेवकूफ हुए ना।"

लड़का — "ये भी सही है। अब बेवकूफ के साथ रहूँगा, तो कुछ तो असर आएगा ही।"

लड़की — "ये भी सही है। हा ! हा ! हा !"

लड़का — "अच्छा, एक बात और। देखो, ये सच है कि मैं हमेशा तुम्हारे साथ नहीं रहूँगा और कोई भी हमेशा किसी के साथ नहीं रहता। इसलिए अपना ख्याल खुद रखना सीखो और गलत, घटिया, बेकार और गन्दे लोगों से दूर रहा करो।"

लड़की — "तुम ऐसी बातें क्यों बोलते हो ? एक तरफ तो तुम मेरी इतनी चिन्ता करते हो, मेरा इतना ख्याल रखते हो। और हमेशा ये एहसास भी दिलाते हो, तुम हमेशा साथ नहीं रहोगे।"

लड़का — "वो इसलिए क्योंकि यहीं सच है। और हमें सच को हमेशा याद रखना चाहिए।"

लड़की चुप रहती है।

लड़का — "अच्छा, एक बात बताओ। तुमने खुद मुझे बताया था ना कि तुम अपने मम्मी – पापा से सबसे ज़्यादा प्यार करती हो।"

लड़की — "हाँ।"

लड़का — "और मम्मी - पापा के साथ – साथ अपने भाई – बहनों से, अपनी भाभी से, भईया के बच्चों से, चाचाजी, मामाजी, अपनी सहेलियों से, अपने दोस्तों से बहुत लोगों से प्यार करती हो। ये सब तुमने ही तो समझाया था।"

लड़की — "हाँ।"

लड़का — "तो क्या ये सब हमेशा तुम्हारे साथ रहते हैं ?"

लड़की — "मतलब ?"

लड़का — "मतलब ये है कि बचपन में तुम स्कूल जाती थी। फिर कॉलेज जाती थी। अब जॉब करती हो। ये सब हमेशा तो तुम्हारे साथ नहीं रहते ना। कल को तुम्हारी शादी हो जाएगी। तुम्हें कभी घर के या परिवार के काम से यहाँ – वहाँ जाना होगा। तब हर वक्त तुम्हारा पति या तुम्हारे ससुराल वाले तुम्हारे साथ थोड़े ही रहेंगे। नहीं रह सकते ना ?"

लड़की — "हाँ।"

लड़का — "और कल को तुम्हारे बच्चे होंगें। तुम्हें मम्मी – मम्मी बोलेंगे। वो भी स्कूल जाएँगे। घर से बाहर जाकर खेलेगें। तो उनको अपना ख्याल खुद ही रखना होगा ना। तुम तो सिर्फ समझा सकती हो, स्कूल में कैसे रहना हैं ? बाहर दूसरे बच्चों के साथ कैसे रहना हैं ? गलत बच्चों से दूर रहना हैं। हमेशा हर जगह उनके साथ थोड़े ही जाओगी।"

लड़की — "हाँ, ऐसे तो कोई भी हमेशा साथ नहीं रह सकता, लेकिन सब एक – दूसरे की केयर तो करते ही हैं ना। एक – दूसरे से बात करना या मिलना थोड़े ही छोड़ देते हैं।"

लड़का — "तो मैंने कब कहा कि मैं तुमसे बात करना या मिलना छोड़ दूँगा। मैंने तो सिर्फ इतना ही बोला कि हमेशा साथ नहीं रहूँगा। तुमने तो ऐसे मुँह बना लिया जैसे मैं मर गया हूँ। हा ! हा !हा !"

लड़की — हुंह ! अब तो तू पक्का मरेगा।"

लड़का — "हा ! हा ! हा ! बात को समझे बिना उल्टे – सीधे मतलब खुद निकालती हो और मुझे पीटती रहती हो।"

लड़की — "रूको ज़रा, अभी तुम्हारे मतलब सही करती हूँ।"

लड़का — "हो गये, हो गये। सारे मतलब सही हो गये। मैं हमेशा तुम्हारा सबसे अच्छा दोस्त बनकर तुम्हारे साथ रहूँगा।"

लड़की — "हम्म ! लातों के भूत बातों से नहीं मानते।"

लड़का — "लेकिन एक प्रोब्लम है।"

लड़की — "वो क्या ?"

लड़का — "अगर तुम्हारे पति ने ये समझ लिया कि तुम्हारा और मेरा चक्कर चल रहा है तो ?"

लड़की — "तो दो हाथ मारूँगी और बोलूँगी, तुमने भी कॉलेज में, जॉब में या आस–पड़ौस की औरतों से बातें तो की होगी, सबके साथ तुम्हारा चक्कर चल रहा है क्या ?"

लड़का — हा ! हा ! हा ! फिर तो मैं तुम्हारे पति के सामने ही तुम्हें डांटा करूँगा।"

लड़की — "और जो तुम्हारी पिटाई होगी, वो भी पति के सामने ही होगी।"

लड़का — "हाँ, जैसे तुम्हारी पिटाई तो होगी ही नहीं। तुम्हारा पति बोलेगा, वाह रे वाह मोटी ! कराटे सीखे हैं, जिम जाती हैं, फिर भी पिटकर आ गई।"

लड़की — "हाँ, तो वो क्या खड़ा – खड़ा देखता रहेगा क्या ? तुम तो हम दोनों से पिटोगे।"

लड़का — "वही तो बोल रहा हूँ, तुम्हें पिटते देखकर तुम्हारे पति को तुम्हें बचाने के लिए आना पड़ेगा।"

लड़की — "ऐसा नहीं होगा। तुम्हें तो मैं एक हाथ से ही घूमाकर पटक दूँगी।"

लड़का — "ठीक है। देखेगें। तो कब कर रही हो शादी ?"

लड़की — "जब सबसे अच्छा पति मिलेगा।"

लड़का — "चलो, जल्दी ही मिले, ये सबसे अच्छा पति। ताकि मुझे परेशान करना तो बन्द करो।"

लड़की — "तुम्हें परेशान करना तो अब कभी नहीं छोड़ूँगी।"

लड़का — "ये भी सही है।"

लड़की — "हा ! हा ! हा ! ये भी सही है।"

[ लेखक — वर्मन गढ़वाल ]

Sunday, November 4, 2018

सवाल:- क्या पुरुष का प्रेम नारी को कमजोर करता है ?

किसी पुरुष के प्रेम में पड़ी नारी कमजोर होती है या मजबूत ? यह उस पुरुष की सोच और मानसिकता पर निर्भर करता है, जिससे नारी को प्रेम है।

अगर नारी का प्रेमी नारी के प्रति सम्मान की भावना रखता है और नारी को सक्षम व आत्मनिर्भर बनाने का समर्थक है, तो मानसिक रूप से कमजोर नारी भी जीवन में आत्मनिर्भर बने या न बने, लेकिन धीरे-धीरे मानसिक रूप से सक्षम जरूर बन जाएँगी। क्योंकि नारी का प्रेमी हर परिस्थिति में नारी के आत्मविश्वास को जगाने का और अतिआत्मविश्वास से बचाने का ही प्रयास करेगा।

अगर नारी के प्रेमी के दिल में नारी के प्रति सम्मान की भावना नहीं हैं और केवल नारी से मुकाबला करने का प्रयास करता हैं, तो वह कभी नहीं चाहेगा कि नारी मानसिक रूप से सक्षम और जीवन में आत्मनिर्भर बने। मानसिक रूप से मजबूत नारी भी ऐसे प्रेमी के साथ निभा नहीं पाएँगी और कुछ समय बाद या तो अलग हो जाएँगी या फिर मानसिक रूप से कमजोर हो जाएँगी।

इसलिए यह कहना गलत है कि पुरुष के प्रेम में पड़ी नारी का कमजोर या मजबूत होना तय है। इसके अलावा जीवन की परिस्थितियाँ भी मानव को कमजोर या मजबूत बनाती है और इससे नारी-पुरुष दोनों प्रभावित होते हैं।
.............................#Varman_Garhwal
04-08-2018, #वर्मन_गढ़वाल
Last Time - 1296

Wednesday, October 31, 2018

दोस्ती - 2

सारे रिश्तों में दोस्ती सबसे सुविधाजनक रिश्ता है। दोस्ती करना भी बहुत आसान है और दोस्ती तोड़ना भी बहुत आसान है। गर्लफ्रैंड-बॉयफ्रैंड के रिश्ते में भी केवल अलग होने के कारण बेवफा और धोखेबाज जैसे आरोप लगाए जाते हैं, लेकिन दोस्ती में ऐसे आरोप कोई बड़ा धोखा होने के बाद ही लगाए जा सकते हैं। दोस्ती के साधारण झगड़ों का तो कोई महत्व ही नहीं है। दोस्त आपस में एक-दूसरे को कितना समझते हैं। एक-दूसरे के जीवन में दोनों का क्या महत्व है ? यह सब केवल दोस्तों पर ही निर्भर करता है।

अगर दोस्ती एक लड़के और एक लड़की के बीच हो, तब तो बंटाधार ही समझो। एक लड़का जितना अधिकार अपने लड़के दोस्त पर जता सकता है और एक लड़की जितना अधिकार अपनी सहैली पर जता सकती है, उतना अधिकार लड़का-लड़की केवल गर्लफ्रैंड-बॉयफ्रैंड या शादी करके पति-पत्नी बनकर ही एक-दूसरे पर जता पाते हैं। केवल दोस्ती में उनकी बात और भावनाओं का कोई महत्व ही नहीं है।

लड़के-लड़की की दोस्ती में लड़के की भावनाओं का अचार बनना तय होता है। इसलिए समझदार लड़के लड़की से दोस्ती करते ही नहीं है। समझदार लड़कों की दोस्ती का मकसद ही यहीं होता है, कि पहले दोस्ती करो, फिर गर्लफ्रैंड बनाओ। क्योंकि लड़की के पास दोस्त के लिए रटा-रटाये जवाब हमेशा तैयार रहते हैं।

"हम सिर्फ दोस्त है, ओके।"

"बॉयफ्रैंड बनने की कोशिश मत करो, समझे।"

"हे भगवान! तुम मेरे बारे में इतना क्यों सोचते हो ?"

"ओ माइ गॉड ! तुम दोस्त हो, दोस्त बनकर रहो।"

"हाय अल्लाह ! तुम ये क्यों भूल जाते हो, वो मेरा बॉयफ्रैंड है ?"

ये केवल कुछ नमूने है। लड़के-लड़की के दोस्ती में इस तरह के और इससे मिलते-जुलते कई डायलॉग लड़कों को लड़कियों से सुनने को मिलते हैं।

लड़की यह विचार नहीं करती कि दोस्त की बात सही है या गलत ? अच्छी है या बुरी ? दोस्त भला सोच रहा है या बुरा ? दोस्त का भी बात करने का, मिलने-जुलने का मन होता है ? लेकिन नहीं। लडकी की जीवन में बॉयफ्रैंड आने के बाद दोस्त, दोस्त की बातें और दोस्त की भावनाएँ सब गई भाड़ में। लड़की का सब कुछ उसका बॉयफ्रैंड हो जाता है।

यहाँ कहने का तात्पर्य यह नहीं है कि सभी लड़के दुध के धुले हुए है। यह सही है कि कुछ लड़के गलत इरादे से लड़कियों के साथ दोस्ती करते हैं, लेकिन जिनके मन में कोई गलत इरादा नहीं होता, जो हमेशा आपकी खुशी के बारे में सोचते हैं। कभी आप भी उनके बारे में सोच लिया करो।

यकिन मानिए, जो लड़के सच्चे दिल से दोस्ती करते हैं, वो किसी को आपसे दूर नहीं करना चाहते। उनको आपके बॉयफ्रैंड या आपके पति से कोई प्रोब्लम नहीं है। आपको परेशान या उदास देखकर वो मायूस हो जाते हैं। आपको खुश होकर हँसते-मुस्कुराते हुए देखकर वो खुश होते हैं। वो दोस्ती टूटने पर भी बॉयफ्रैंड की तरह आप पर आरोप नहीं लगाएंगे। लेकिन हाँ, दिल उनका भी दुखता है। चोट उनको भी लगती है। ये बात अलग है, कि बॉयफ्रैंड की तरह वो अपना दर्द जाहिर नहीं कर पाते। कुछ दोस्त करते भी है, तो लोग गलत अर्थ निकालते हैं। वो प्यार तो बहुत करते हैं, लेकिन उनके प्यार में आपकी खुशी के सिवा कुछ हासिल करने का स्वार्थ नहीं है। लड़की को अपनी सच्ची दोस्त बनाने वाले लड़के बहुत कम है, लेकिन जो है, वो लाजवाब है।

हाँ, लड़की से दोस्ती निभाते वहीं है, जिनके दिल और दिमाग में गन्दगी नहीं होती। लेकिन ये बात तो बॉयफ्रैंड और पति पर भी लागू होती है। जिनके इरादे गलत है, वो चाहे कोई भी रिश्ता बनाए, उनसे आपको तकलीफ ही मिलेगी।

अक्सर लड़कियाँ शादी होते ही सबसे पहले अपने लड़के दोस्तों को खुद से दूर करती है। लड़कियाँ ये भी नहीं सोचती, कि इससे उन दोस्तों के दिल पर क्या गुजरती है ? बॉयफ्रैंड लोग तो लड़की का चेहरा खराब करके या लड़की का मर्डर करके अपना प्यार दिखा देते हैं। क्योंकि बॉयफ्रैंड का मकसद आपकी खुशी नहीं, बल्कि खुद की खुशी होता है। बॉयफ्रैंड के लिए शादी के बाद भी कई लड़कियाँ रोती है। बॉयफ्रैंड के रिश्ते में फिजिकल रिलेशन की भावना भी होती है। इसलिए बॉयफ्रैंड का रिश्ता पति से छुपाना जरूरी है, लेकिन दोस्त का प्यार तो फिजिकल रिलेशन से बढ़कर होता है। फिर भी शादी होते ही सबसे पहले दोस्त को जीवन से बाहर करके दोस्त का दिल तोड़ दिया जाता है।

अगर लड़की ने किसी अच्छे इन्सान को दोस्त बनाया है, जिसके दिल में फिजिकल रिलेशन जैसी कोई भावना नही है। जो केवल लड़की की खुशी के बारे में सोचता है। उसे पति से छुपाने की क्या जरूरत है ? जो पति एक पुरुष होकर अपनी पत्नी के अच्छे पुरुष दोस्तों की भावनाओं को पहचान ना सकें, वो पत्नी की भावनाओं को कैसे समझेगा ? क्योंकि जो पत्नी धोखा देना चाहती है, वो अपने दोस्त को पति से क्यों मिलवाएगी ? और जिसके मन में खोट है, वो लड़की के पति से क्यों मिलेगा ? हाँ, कई लोग गलत इरादों से दोस्त बनते हैं, लेकिन पति-पत्नी में इतनी समझ तो होनी चाहिए कि वो अच्छे दोस्त और बुरे दोस्त की पहचान कर सकें। क्योंकि धोखा तो पति के दोस्त भी दे सकते हैं।

और हाँ,
और एक बात,
दोस्ती एक ऐसा रिश्ता है, जिसे किसी भी रिश्ते में कन्वर्ट किया जा सकता है। नारी-पुरुष की मित्रता में आयु का अधिक अन्तर होने पर दोस्त माँ-बेटा या माँ-बेटी भी बन सकते हैं, बाप-बेटा या बाप-बेटी भी बन सकते हैं। जैसे समान आयु के दो दोस्त एक-दूसरे को भाई कह सकते हैं, दो सहैलियाँ एक-दूसरे को बहन कह सकती है, उसी तरह लड़का-लड़की दोस्ती में एक-दूसरे को भाई-बहन भी कह सकते हैं। वो कहें या ना कहें ? ये उनकी भावनाओं और इच्छा पर निर्भर करता है। लेकिन कोई यह सुनते ही असहज हो जाए, तो समझ जाओ, उसका असली इरादा दोस्ती की आड़ में कुछ और है। दोस्त एक-दूसरे को क्या कहते हैं ? यह उनकी आपसी सहमति की बात है, लेकिन जो सच्चे मन से दोस्ती करते हैं, वो हर बात में सहज रहते हैं।

दोस्ती के बाद गर्लफ्रैंड-बॉयफ्रैंड बनने या शादी करके पति-पत्नी बनने की इच्छा जागृत होना अलग बात हैं, लेकिन पहले से इस तरह की सोच लेकर प्लानिंग से दोस्ती करना चालाकी है। इस बात को समझने की जरूरत है।

अतः दोस्त बनकर अपना स्वार्थ साधने वालों से बचकर रहिए और अपनी बुद्धि व विवेक से सोच-समझकर अच्छे लोगों से दोस्ती कीजिए। और दोस्ती करने के बाद दोस्त की भावनाओं का सम्मान भी कीजिए। किसी भी अच्छे दोस्त को बिना उचित कारण खुद से दूर ना करें। जो आपको सच्चे दिल से दोस्त मानते हैं, यदि उनके कारण आपको कोई प्रोब्लम होने की संभावना रहती है, तो सच्चे दोस्त खुद ही आपसे दूर हो जाएंगे। क्योंकि आपकी भलाई में ही सच्चे दोस्तों की खुशी होती है।
..............................#Varman_Garhwal
06-10-2018, #वर्मन_गढ़वाल
Last Time - 1359

Sunday, October 28, 2018

राजस्थानी भाषा

राजस्थानी भाषा—
•
•
राजस्थान अपनी संस्कृति, कला, रहन-सहन, पहनावे और जलवायु में विभिन्नता के कारण केवल भारत ही नहीं, बल्कि दुनियाभर में प्रसिद्ध हैं। दुनिया के अन्य देशों में रहने वाले भारतीय लोग राजस्थानी नहीं हो, फिर भी गर्व से कहते हैं कि राजस्थान हमारे भारत में है। भारत के अन्य राज्यों के लोगों के दिलों में भी राजस्थान का विशेष स्थान है।

राजस्थान मुख्य रूप से रेगिस्तानी प्रदेश के रूप में जाना जाता है। क्योंकि राजस्थान का लगभग 70% हिस्सा मरुस्थल है। हालांकि राजस्थान में पहाड़ी और मैदानी इलाके भी है, जिनके कारण राजस्थान को लघु भारत भी कहा जाता है।

राजस्थान के बारे में एक कहावत मशहूर है कि "चार कोस पर बदले पाणी और आठ कोस पर बदले वाणी।" राजस्थान में हर चार कोस बाद पानी का स्वाद बदल जाता है और हर आठ कोस बाद बोली बदल जाती है।

राजस्थान में ढूंढाड़ी, मेवाड़ी, मारवाड़ी और बागड़ी चार प्रमुख भाषाएं हैं, जिनमें से अनगिनत अलग-अलग बोलियाँ निकली हैं। भाषा और बोली के बारे में कहा जाता है कि जिसकी अपनी अलग लिपि हो, वह भाषा होती है और जिसकी अपनी कोई लिपि ना हो, वह बोली होती है। राजस्थान की चारों भाषा देवनागरी लिपि में ही लिखी जाती है, लेकिन राजस्थानी भाषाओं में बहुत से ऐसे शब्द है, जो दुनिया में प्रचलित किसी भी लिपि में नहीं लिखे जा सकते। इसलिए संभव हैं कि प्राचीन समय में राजस्थानी भाषा की अपनी अलग लिपि रही हो। वर्तमान समय में ऐसे अधिकांश शब्द विलुप्त हो चुके है और जो शब्द अभी प्रचलन में हैं, उनका प्रयोग बहुत कम होता हैं।

राजस्थानी भाषा को सरकारी मान्यता नहीं है, इसलिए पंजाबी, गुजराती, मराठी, बंगाली, कन्नड़, तमिल, मलयालम आदि की तरह इसे स्कूलों में पढ़ाया नहीं जाता। इस कारण धीरे-धीरे शिक्षित लोगों ने राजस्थानी भाषा का प्रयोग करना छोड़ दिया। राजस्थान में केवल नाममात्र के लोग हैं, जो राजस्थानी भाषा से प्रेम करते हैं।

राजस्थानी भाषाओं के पतन के लिए सरकार को दोषी ठहराया जाता है, लेकिन इसका प्रमुख कारण स्वयं राजस्थानी लोग ही है। पुराने समय में राजस्थानी भाषाओं के विकास के लिए क्या हुआ और क्या नहीं हुआ ? इस पर चर्चा करने से कोई लाभ नहीं है। वर्तमान समय में राजस्थानी भाषा बोलने वालों को अनपढ़-ग्वार लोगों की श्रेणी में रखा जाता हैं। इसलिए धीरे-धीरे सामान्य जनजीवन में भी राजस्थानी भाषाओं का प्रयोग समाप्त हो रहा है।

अगर अन्य राज्यों से तुलना करें, तो पंजाब, गुजरात, महाराष्ट्र, कर्नाटक, तमिलनाडु के लोग सामान्य बातचीत के लिए अपनी मातृभाषा को प्राथमिकता देते हैं। यदि सामने वाले उनकी भाषा बोलने और समझने में असमर्थ हो, तभी वे हिन्दी या अंग्रेजी का प्रयोग करते हैं। राजस्थान के लोग जब सामने वाले केवल राजस्थानी बोलते और समझते हो, तब जाकर राजस्थानी भाषा का प्रयोग करते हैं। अन्य राज्यों के लोग अपने राज्य से दूर रहकर भी अपने बच्चों को अपनी मातृभाषा सिखाने का प्रयास करते है। कुछ माता-पिता तो अधिक सम्पन्न ना होते हुए भी स्पेशल ट्यूशन लगाकर अपने बच्चों को अपनी मातृभाषा सिखाते हैं। राजस्थानी लोगों का राजस्थान से दूर रहकर अपने बच्चों को राजस्थानी भाषा सीखाना तो बहुत दूर की बात है, राजस्थान में रहने वाले माता-पिता अपने बच्चों को डांटकर कहते हैं कि अरे, उनके सामने आड़ू की तरह राजस्थानी में बात मत करना। बढ़िया तरीके से हिन्दी और अंग्रेजी में बात करना। ये राजस्थानी लोगों का राजस्थानी भाषा के प्रति सम्मान है।

अपनी मातृभाषा को तुच्छ समझने के मामले में राजस्थानी पुरुषों की अपेक्षा राजस्थानी महिलाओं की संख्या अधिक है। राजस्थान के ग्रामीण क्षेत्रों में पुरुषों को राजस्थानी भाषा में बातचीत करते हुए देखा जा सकता है, लेकिन राजस्थानी महिलाएँ हिन्दी और अंग्रेजी ना आती हो, तब भी घर से बाहर राजस्थानी भाषा की बजाय हिन्दी और अंग्रेजी बोलने का प्रयास करती हुई देखी जा सकती है।

साहित्य से जुड़ने के बाद कुछ राजस्थानी साहित्यकारों से भी बातचीत हुई, जिनमें से कुछ मेरी मित्रसुची में भी है, लेकिन मैंने कभी उन्हें राजस्थानी भाषा का प्रयोग करते हुए नहीं देखा। राजस्थानी लोगों के साथ भी वे हिन्दी, अंग्रेजी और उर्दू में ही बात करते हैं। यहाँ तक कि राजस्थानी रचनाएँ लिखने वाले साहित्यकार भी केवल रचनाएँ राजस्थानी भाषा में लिखते हैं, लेकिन बातचीत हिन्दी, अंग्रेजी और उर्दू में ही करते हैं। अन्य राज्यों के लोगों को आपसी बातचीत के दौरान अपनी मातृभाषा का प्रयोग करते हुए अक्सर देखा जा सकता हैं। इसका कारण स्पष्ट है कि उन्हें अपनी मातृभाषा पर कोई शर्मिन्दगी महसुस नहीं होती, इसलिए जहाँ मौका मिलता है, वे लोग अपनी भाषा सहज होकर बोलते हैं।

राजस्थानी भाषाओं के पतन का सबसे बड़ा कारण यहीं है कि राजस्थानी लोग खुद ही अपनी मातृभाषा का सम्मान नहीं करते। राजस्थानी लोगों को अपनी मातृभाषा बोलने में शर्मिन्दगी महसुस होती है। अगर किसी राजस्थानी को कोई दूसरा राजस्थानी मिलता हैं, तब भी वो राजस्थानी में बात करने की बजाय हिन्दी, अंग्रेजी और उर्दू का प्रयोग करना पसन्द करते हैं।

कुछ दिन पहले मैंने यास्मीन खान जी की एक रचना पढ़ी, जिसमें यास्मीन जी ने लिखा हैं कि सब भाषा सीखो, लेकिन अपनी मातृभाषा मत भूलो। यहीं बात मैं राजस्थानियों से कहना चाहूँगा कि हिन्दी, अंग्रेजी, उर्दू, पंजाबी ही नहीं, सभी भाषाएं सीखो भी, पढ़ो भी, लिखो भी और बोलो भी, लेकिन अपनी मातृभाषा बोलने में भी झिझक या शर्मिन्दगी नहीं होनी चाहिए।

जब हम खुद ही अपनी मातृभाषा बोलने में शर्मिन्दगी महसूस करेंगे, अपने बच्चों को अपनी मातृभाषा बोलने से मना करेंगे, तो दूसरों से सम्मान की आस करना तो केवल मूर्खता है। सरकार ने हमारी मातृभाषा को मान्यता नहीं दी, लेकिन सरकार ने ये थोड़े ही कहा है कि राजस्थान के लोग राजस्थानी भाषा का प्रयोग नहीं कर सकते। स्कूलों में राजस्थानी भाषा नहीं सिखाई जाती, लेकिन घर पर घर के सदस्य तो आपस में राजस्थानी भाषा का प्रयोग कर ही सकते है। जब घर के बड़े राजस्थानी भाषा का प्रयोग करेंगे, तो बच्चे उनको देख-सुनकर अपने आप सीख जाएंगे और जब बच्चे इस माहौल में बड़े होंगे, तो वो भी अपने बच्चों को यहीं सब सिखाएगे।

किसी भी बात के लिए हमें दूसरों पर निर्भर नहीं होना चाहिए। अपनी संस्कृति को, अपनी विरासत को हमें खुद संभालना चाहिए। जब लोगों को जरूरत ही नहीं है, तो सरकार राजस्थानी भाषा को मान्यता क्यों देगी। वहीं माता-पिता खुद स्कूलों से कहे कि हमें हमारे बच्चों को राजस्थानी भाषा भी सीखानी हैं, तो ऐसे अभिभावकों की संख्या अधिक होने पर स्कूल खुद अपने विज्ञापनों में यह कहना शुरू कर देंगे कि हमारे स्कूल में उच्च स्तर के शिक्षकों द्वारा राजस्थानी भाषा भी सिखाई जाती है। जब राजस्थानी जनता का रूझान राजस्थानी भाषा की तरफ़ होगा, तो राजस्थानी भाषा को मान्यता देने के लिए सरकार अपने आप विवश हो जाएँगी। यह भी हो सकता है कि कुछ समय तक ये चुनावी मुद्दा बन जाए और राजनीतिक लोगों के भाषण में हमें सुनने को मिले कि अगर हमारी सरकार बनती हैं, तो हम राजस्थानी भाषा को सरकारी मान्यता देंगे। इसलिए हमारी पार्टी को वोट देकर हमें विजयी बनाए। 

यहाँ कहने का अर्थ यह है कि कोई भी कार्य तभी सम्पन्न होता है, जब जनता को उस कार्य में दिलचस्पी होती हैं। उदाहरण के लिए इस समय देश की जनता को धर्म-मज़हब, दलित-स्वर्ण और नारी-पुरुष जैसे मसलों में दिलचस्पी हैं, इसलिए यहीं सब चुनावी मुद्दे बने हुए है। जब देश की जनता में वास्तविक समस्याओं को समाप्त करने की इच्छा होगी, तो देश के राजनीतिक लोग देश की वास्तविक समस्याओं को समाप्त करना भी शुरू कर देंगे। इसी प्रकार अगर राजस्थान के लोग राजस्थानी भाषा का विकास चाहते हैं, इसके लिए पहल उन्हें खुद करनी होगी। अगर कोई राजस्थानी भाषा बोलने पर आपका मजाक उड़ाता है, तो उसे केवल इतना कहें कि मैं सभी भाषाओं का सम्मान करता हूँ, लेकिन अपनी भाषा भूल ना जाऊँ, इसलिए बोलता रहता हूँ।
..............................#Varman_Garhwal
11-09-2018, #वर्मन_गढ़वाल
Last Time - 1334